कोरोना वायरस से संक्रमण के हर दिन नए आंकड़े दहशत पैदा कर रहे हैं। अकेले यूरोप में 67 हजार से अधिक मौतें हो चुकी हैं। फ्रांस में गुरुवार को एक दिन में 1,341 मौतें हुईं और संक्रमण के 4,799 मामले सामने आए। यूरोपीय देशों में इटली, स्पेन, फ्रांस और ब्रिटेन सबसे अधिक प्रभावित हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया भर में अब तक 16.22 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो गए और 97,500 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। फ्रांस में गुरुवार को कोरोना से एक दिन में 1,341 मौतें होने के साथ ही मृतकों की संख्या 12,210 पहुंच गई। संक्रमण के 4,799 नए मामले आने से यह आंकड़ा 1,17,749 से अधिक हो गया है। ब्रिटेन में 881 मौतें होने से मृतक संख्या 7,978 पहुंच गई और संक्रमण के मामले 65,077 हो गए हैं। जर्मनी में अब तक 2,607 लोगों की मौत हुई और 1,18,235 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं।
इटली सबसे प्रभावित : वायरस से मौतों को लेकर दुनिया भर में सबसे अधिक प्रभावित देश इटली है। यहां गुरुवार को 610 नई मौतें हुईं। इसके साथ मरने वालों की संख्या 18,279 पहुंच गई है। संक्रमण के 4,204 नए मामले सामने आने से यह आंकड़ा 1,43,626 पहुंच गया है। स्पेन में शुक्रवार को 396 मौतें होने से ही मृतकों की संख्या 15,843 पहुंच गई। इसके अलावा 3,800 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 1,57,022 पहुंच गई। बेल्जियम में 3,019, नीदरलैंड में 2,396, स्विट्जरलैंड में 958, स्वीडन में 793 और रूस में 94 लोगों की मौत हो चुकी है।


0 Comments